Showing posts with label KINNAUR NEWS IN HINDI. Show all posts
Showing posts with label KINNAUR NEWS IN HINDI. Show all posts

Monday, May 7, 2018

मई में दिसंबर का मजा, बर्फबारी से गुलजार हुए देवभूमि के पहाड़

मई में दिसंबर का मजा, बर्फबारी से गुलजार हुए देवभूमि के पहाड़

मई महीने में भी हिमाचल प्रदेश की चोटियों पर बर्फबारी होने का दौर जारी है। सोमवार को रोहतांग, लाहौल घाटी और किन्नौर जिला के कई क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में सोमवार सुबह बारिश और ओलावृष्टि भी हुई। हालांकि दोपहर बाद प्रदेश में मौसम साफ हो गया।

बारिश-बर्फबारी होने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार को शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने और ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की है। नौ मई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।

10 और 11 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है जबकि 12 और 13 मई को दोबारा बारिश होने के आसार जताए गए हैं। सोमवार को रोहतांग समेत लाहौल घाटी में ताजा बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा एक बार फिर वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। एचआरटीसी केलांग डिपो की तीन बसें भी लाहौल के विभिन्न हिस्सों में फंस गई हैं।

लाहौल के लिए सामान लेकर आए कई मालवाहक वाहन घाटी के विभिन्न हिस्सों में फंसे हैं। ताजा बर्फबारी के चलते रोहतांग होकर आ-जा रही बसें बीच रास्ते से ही वापस लौट गई। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने कोकसर और मढ़ी में स्थापित बचाव दल की टीम को अलर्ट करते हुए राहगीरों पर नजर रखने के हिदायत दी है।

13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा में 20 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं कोकसर मे 4 सेंटीमीटर, केलांग मे 10 सेंटीमीटर, मालंग, दारचा में भी बर्फबारी की सूचना है।

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण समूची लाहौल घाटी व मनाली की उझी घाटी शीतलहर की चपेट में हैं। जिला किन्नौर की ऊंची चोटियों में भी हल्का हिमपात हुआ है। सोमवार को राजधानी शिमला में सुबह के समय बारिश और ओलावृष्टि हुई। दोपहर बाद शहर में मौसम साफ हो गया।

सोमवार को शिमला में अधिकतम 19.5, ऊन में 38.8, सुंदरनगर में 31.4, भुंतर में 22.2, कल्पा में 10.4, धर्मशाला में 27.2, नाहन में 33.2, केलांग में 3.5, सोलन में 29.0, कांगड़ा में 30.8, बिलासपुर में 33.7, हमीरपुर में 32.1, चंबा में 22.5 और डलहौजी में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।